मुर्मू, राधाकृष्णन, राजनाथ ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर जताया शोक

मुर्मू, राधाकृष्णन, राजनाथ ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर जताया शोक

नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन तथा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। श्रीमती मुर्मू ने अपने शोक संदेश में कहा “दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर के दौरान कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में, वह ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ी को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार के सदस्यों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा “पूर्व सांसद एवं दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। लाखों लोगों को अपनी कला दीवाना बनाने वाले इस कलाकार ने अपने उल्लेखनीय प्रदर्शन और कला के प्रति दृढ़ समर्पण के माध्यम से भारतीय सिनेमा के कैनवास को समृद्ध किया है। भारतीय फिल्म उद्योग में सबसे प्रशंसनीय शख्सियतों में से एक रहे अभिनेता धर्मेंद्र अपने पीछे एक कालातीत विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति।” श्री राजनाथ सिंह ने कहा “प्रसिद्ध हिंदी फिल्म अभिनेता एवं पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने अपने बेजोड़ आकर्षण और ईमानदारी से कई यादगार किरदारों को जीवंत बना दिया। भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

Next Post

रेखा गुप्ता ने गुरु तेग बहादुर के मानवीय संदेशों को जीवन में अपनाने की अपील की

Mon Nov 24 , 2025
नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सिखों के गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के मानवीय संदेशों धर्मनिरपेक्षता, करुणा, सहिष्णुता और सत्य को अपने जीवन में आत्मसात करने की लोगों से अपील की। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला प्रांगण में आज श्री गुरु […]

You May Like