ग्वालियर: बिजली कटौती की शिकायत पता चली तो ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उसी समय विद्युत उपकेन्द्र, ट्रांसफार्मर एवं उस क्षेत्र के निरीक्षण के लिये निकल पड़े। निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर उन्होंने एक सहायक यंत्री और एक उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए।
ऊर्जा मंत्री तोमर को क्षेत्रीय वाशिंदों द्वारा बताया गया कि ग्वालियर के कुछ क्षेत्रों में बार-बार बिजली फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है, इससे गर्मी के मौसम में आम लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। श्री तोमर देर बिना समय गवाए औचक निरीक्षण करने निकल पड़े। इस दौरान उन्हें पाताली हनुमान क्षेत्र व तानसेन नगर ज़ोन में विद्युत आपूर्ति बाधित मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और सुचारू विद्युत आपूर्ति के प्रति लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
