नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA ब्लॉक अब सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन के नेता आज इस मामले में याचिका दाखिल करेंगे।
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को पत्र लिखकर चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं रखी थीं। उनके अनुसार, CJI की ओर से जवाब मिलने के बाद याचिका दाखिल करने का फैसला लिया गया।
राहुल गांधी ने हाल के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को चुनाव आयोग और जंतर-मंतर जाने के दौरान रोका गया था। इसके बाद विपक्षी नेता राजघाट पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अपनी बात रखी जाएगी।
