प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर बढ़ते जनविश्वास की पुष्टि है बीएमसी चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत : भाजपा

नयी दिल्ली, 16 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और महाराष्ट्र के शहरों के नगर निगम चुनावों में महायुति और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली ऐतिहासिक सफलता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के बढ़ते विश्वास की अभिव्यक्ति बताया है।

पार्टी के महासचिव तरुण चुघ और प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी नेयह दावा भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चुनावी नतीजों पर किया।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि बीएमसी जैसे देश और संभवतः एशिया के सबसे बड़े नगर निगम में भाजपा, महायुती और राजग को मिली प्रचंड जीत यह दर्शाती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले केरल के नगर निगम चुनावों में तिरुवनंतपुरम में भाजपा को बहुमत मिला, उससे पहले बिहार में सफलता मिली और अब महाराष्ट्र में नगर निगमों में मिली जीत विकसित भारत की दिशा में बढ़ते जनसमर्थन का प्रमाण है।

श्री त्रिवेदी ने महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता महाराष्ट्र भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रदेश अध्यक्ष, मुंबई भाजपा अध्यक्ष और राज्य नेतृत्व की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इस जीत पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि महाराष्ट्र की धरती सांस्कृतिक गौरव और आर्थिक समृद्धि की प्रतीक रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। मुंबई और अन्य नगर पालिकाओं में मिली व्यापक सफलता यह बताती है कि युवा पीढ़ी ने भी भाजपा और महायुति का उत्साहपूर्वक समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और महाराष्ट्र में इस दिशा का नेतृत्व मुख्यमंत्री फडणवीस कर रहे हैं।

श्री त्रिवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इन चुनावों से एक और बड़ा संदेश सामने आया है कि तथाकथित इंडिया गठबंधन का अस्तित्व कमजोर पड़ चुका है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि 2024 के बाद हुए चुनावों में अलग-अलग राज्यों में विपक्षी दल एकजुट नहीं दिखे—दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन टूटा, केरल में कांग्रेस और वाम दल अलग-अलग लड़े और महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भी विपक्षी दल एक मंच पर नहीं आ सके। इससे साफ है कि इंडी गठबंधन का किला ढहता जा रहा है।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और राजग लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र के नगर निगमों और नगर पालिकाओं में मिला जनादेश यह स्पष्ट करता है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों, उनके राष्ट्रवाद और विकसित भारत के संकल्प पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं ने नकारात्मक राजनीति को सिरे से खारिज कर दिया है।

श्री चुघ ने कहा कि देश की जनता बहुत समझदार है और उत्तर से दक्षिण, पूर्व से पश्चिम तक हर जगह राष्ट्रवादी शक्तियों को समर्थन दे रही है। गरीबों के लिए किए गए कार्य, सुशासन, राष्ट्रवाद और विकसित भारत का संकल्प इन सभी मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी को देशभर से आशीर्वाद मिल रहा है।

Next Post

अनमोलप्रीत सिंह का शतक, पंजाब ने बनाये 291

Fri Jan 16 , 2026
बेंगलुरु 16 जनवरी (वार्ता) अनमोलप्रीत सिंह (100) की शतकीय और कप्तान प्रभसिमरन सिंह (87) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पंजाब ने शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ 291 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। आज यहां सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला […]

You May Like

मनोरंजन