
रतलाम। शहर के हनुमान रुंडी क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुई एक दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। घटना माणक चौक थाना क्षेत्र के हनुमान रुंडी इलाके की है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1.30 बजे अशोक सोलंकी अपने बड़े पोते को स्कूल से लेने घर से निकले थे। उस समय पहली मंजिल पर उनकी बहू मोनिका अपने चार माह के बेटे के साथ अकेली थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर में घुस आए।
बदमाशों ने घर में घुसते ही महिला को काबू में कर लिया। विरोध की आशंका खत्म करने के लिए उन्होंने चार माह के मासूम को उठाकर बाथरूम में पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद महिला को घर के पिछले कमरे में ले जाकर बांध दिया और उसकी चोटी काट दी। माना जा रहा है कि आरोपियों ने महिला को मानसिक रूप से भयभीत करने के लिए यह हरकत की। इसके बाद उन्होंने अलमारियों के नकूचे तोड़े और पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर जेवर और नकदी की तलाश की।
करीब 20 मिनट बाद जब अशोक सोलंकी अपने पोते के साथ घर लौटे तो पहली मंजिल का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मासूम घायल अवस्था में पड़ा था, जबकि बहू बंधी हुई थी। उन्होंने तत्काल महिला को मुक्त कराया और दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से महिला की कटी हुई चोटी भी मिली है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
