जनसैलाब के साथ निकली कांग्रेस, वाटर कैनन भी नहीं डिगा सका कार्यकर्ताओं का जोश

रतलाम। लंबे समय बाद जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक ताकत का बड़ा प्रदर्शन किया। जिलेभर से हजारों पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक सैलाना बस स्टैंड पर एकत्र हुए, जहां से जनआक्रोश किसान रैली निकाली गई। ट्रैक्टर, बैलगाडिय़ों और नारों के साथ निकली रैली जब कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ी तो प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर रास्ता रोक दिया। कलेक्टर को सीधे ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़ी कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई। हालात बिगडऩे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने बिना ज्ञापन सौंपे आंदोलन समाप्त कर दिया।

जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सैलाना बस स्टैंड से रैली शुरू की। रैली में बैलगाडिय़ां और ट्रैक्टर भी शामिल रहे, जिससे किसानों के मुद्दों को प्रतीकात्मक रूप से उठाने का प्रयास किया गया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई रैली नेहरू स्टेडियम क्षेत्र पहुंची, जहां प्रशासन ने आगे बढऩे से रोक दिया।

प्रशासन ने एडीएम को मौके पर ही ज्ञापन देने का प्रस्ताव रखा, लेकिन कांग्रेस नेता कलेक्टर को ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान बैरिकेड हटाने और आगे बढऩे का प्रयास हुआ। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर प्रशासन ने वाटर कैनन चलाया और हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद कांग्रेस नेतृत्व ने विरोध दर्ज कराते हुए बिना ज्ञापन सौंपे लौटने का फैसला लिया। आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत और जिला प्रभारी रामसिंह सीकरवार ने किया। पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने आंदोलन को राजनीतिक रूप से और अधिक वजन दिया।

आमजन को भी उठानी पड़ी परेशानी:रैली के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्ट किए जाने से लोगों को जाम और लंबा इंतजार झेलना पड़ा। प्रदर्शन कुछ घंटों तक चला, लेकिन इसका असर शहर की यातायात व्यवस्था पर देर तक दिखाई दिया।

 

लंबे समय बाद दिखी कांग्रेस की ताकत

 

पिछले विधानसभा चुनाव के बाद यह जिला मुख्यालय पर कांग्रेस का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। संगठन के विभिन्न गुट एक मंच पर नजर आए और जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि पार्टी आगामी राजनीतिक लड़ाई के लिए कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने में जुट गई है।

Next Post

सुशीला हत्याकांड को लेकर पूर्व सैनिक आक्रोशित

Mon Jun 29 , 2026
ग्वालियर। कल्याणपुरा निवासी पूर्व सैनिक हरिदास देपुरिया की पत्नी सुशीला देवी की एक साल पहिले डकैतों ने हत्या कर दी थी। इसी मामले को लेकर आज ग्वालियर में पूर्व सैनिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मीटिंग पूर्व सैनिक कल्याण संघ ग्वालियर अध्यक्ष सूबेदार मेजर राम अवतार सिंह परमार, इंडियन वेटर्न […]

You May Like