
बालाघाट,जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। (CMHO) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी परेश उपलप को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अब मनोज पांडे को नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिले में आदिवासी बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। मंत्री के निर्देश पर परेश उपलप को पद से हटाकर प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
नए CMHO मनोज पांडे के सामने अब जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करना और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती होगी। वहीं, इस कार्रवाई के बाद जिले में लोगों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।
