समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने समय-सीमा बैठक में सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे।

कलेक्टर ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है इसलिए सभी शासकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रहें। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए सभी उपखंड अधिकारियों को अपने क्षेत्र के उत्कृष्ट विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा बालिका छात्रावासों की निगरानी महिला अधिकारियों से कराने के निर्देश दिए। संभावित कम वर्षा की परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग को किसानों के बीच व्यापक सलाह एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा नकली खाद एवं बीज के विक्रय में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। खाद दुकानों के माध्यम से होने वाले उर्वरक वितरण पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि किसानों को निर्धारित मूल्य एवं पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। साथ ही 27 जून को बहरी में आयोजित होने वाले रोजगार मेले की तैयारियां समय पर पूर्ण कर अधिकाधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोडऩे के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता बताते हुए अभियान चलाकर हैंडपंपों के आसपास किए गए अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके। बैठक में उन्होंने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

०००००००००००

Next Post

हनुमान चालीसा पाठ से भक्तिमय हुआ जेयू

Mon Jun 22 , 2026
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर स्थित पर्यावरण अध्ययनशाला के समीप संकटमोचन हनुमान मंदिर में सोमवार को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। विश्वविद्यालय परिवार के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में हनुमान […]

You May Like