5 दिन बंद रहेंगे बैंक, 3 दिन में निपटा लें जरूरी काम

ग्वालियर: अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम है, तो अगले तीन दिनों यानी आज बुधवार से शुक्रवार, 23 से 25 सितंबर के बीच हर हाल में निपटा लें। इसके बाद लगातार पांच दिनों तक बैंकों में काम ठप्प रहेगा।
दरअसल शनिवार और रविवार की छुट्टी के साथ ही बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहने वाली हैं। ऐसे में अगर समय पर काम नहीं निपटाया, तो कैश और चेक से जुड़े काम अटक सकते हैं।
बैंक कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग 5-डे वर्किंग कल्चर यानी हफ्ते में 5 दिन काम लागू करने की है। फिलहाल बैंकों में सिर्फ दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी रहती है। आपको बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस का प्रस्ताव है कि हर शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए और इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम कराया जाए। लेकिन सरकार इस मांग को लगातार टालती आ रही है।
कैश निकासी और चेक क्लियरेंस पर पड़ेगा असर
पांच दिनों की इस लंबी बंदी का सीधा असर आम जनता और व्यापारियों के लेन-देन पर पड़ेगा। हड़ताल के दौरान एटीएम में कैश खत्म होने की समस्या आ सकती है, वहीं चेक क्लियरेंस और ड्राफ्ट जैसे काम पूरी तरह रुक जाएंगे। दरअसल, अपनी मांगों को लेकर बैंककर्मी आज से ही लामबंद हो रहे हैं। आज बुधवार को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक बैंक के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
मांग पेंडिंग रहने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी
यूनियन के को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा का कहना है कि 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की जायज मांग को लेकर सरकार का रवैया बिल्कुल भी सकारात्मक नहीं है। कई दौर की बैठकें होने के बावजूद अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। बैंक यूनियनों ने साफ कर दिया है कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो यह आंदोलन और उग्र होगा और आने वाले दिनों में देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

Next Post

प्रेम विवाह को लेकर विवाद, परिवार पर हमला

Wed Sep 23 , 2026
इंदौर: खुड़ैल के ग्राम गढ़ी में बेटी के प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट कर धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.ओमप्रकाश रावत ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी भूमिका ने […]

You May Like