इंदौर: खुड़ैल के ग्राम गढ़ी में बेटी के प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट कर धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.ओमप्रकाश रावत ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी भूमिका ने चार-पांच माह पहले पड़ोसी गौरीशंकर ठाकुर के बेटे रितिक से प्रेम विवाह किया था. इसी बात को लेकर 21 सितंबर सुबह गौरीशंकर ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की और लट्ठ से ओमप्रकाश के सिर पर हमला किया.
बीच-बचाव करने आई पत्नी संगीता और मां सौरम बाई के साथ भी मारपीट की गई. आरोप है कि सुनीता ने संगीता के पैर और रितिक ने सौरम बाई के सिर व कंधे पर डंडे से वार किया. बाद में अल्केश उर्फ छोटू और नुक्कु धारदार हथियार लेकर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी. थाना प्रभारी कर्णी सिंह शक्तावत ने बताया कि प्रेम विवाह को लेकर विवाद हुआ था. शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है.