जबलपुर: मदन महल रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अंडरब्रिज में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड के चलते अंडरब्रिज के भीतर और आसपास अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 6599 में आग लगने के बाद उसके भीतर से बीच-बीच में तेज धमाकों जैसी आवाजें आ रही थीं।
अंडरब्रिज के संकरे रास्ते में इन धमाकों की गूंज से वहां मौजूद लोग बुरी तरह सहम गए। घटना के वक्त वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत अपने वाहनों के पहिए थाम लिए और जलती कार से एक सुरक्षित दूरी बना ली, इस पूरे हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि जैसे ही कार से धुआं और चिंगारियां उठनी शुरू हुईं, वैसे ही कार सवार ड्राइवर ने बिना वक्त गंवाए फुर्ती से बाहर निकल जान बचाई। इस भयानक हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कार अमित द्विवेदी की बताई जा रही है। शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ है।
दमकल की टीम ने बुझाई आग, यातायात रहा प्रभावित
हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस अग्निकांड के कारण व्यस्त रहने वाले मदन महल अंडरब्रिज मार्ग पर वाहनों का आवागमन कुछ समय के लिए पूरी तरह थम गया। आग पर काबू पाने और क्षतिग्रस्त वाहन को रास्ते से हटाए जाने के बाद ही यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल किया जा सका।
