![]()
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से पूरे मामले की टाइम-बाउंड जांच और एक्शन टेकन रिपोर्ट 7 दिन में मांगी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद दोनों आस्था कुंज पार्क में टहलने गए थे। आरोप है कि पार्क में तीन बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें घेरा, लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह ले जाकर गैंगरेप किया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी।
*एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष का कड़ा रुख -* आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर फरार आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने मांग की है कि दिल्ली के सभी सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट कर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, फर्जी पुलिस बनकर ठगने वालों पर रोक लगे और पीड़िता व उसके परिवार तथा घायल दोस्त को तुरंत चिकित्सीय, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता दी जाए।