बिजली बिल जांचने गई टीम पर हमला

ग्वालियर। इंद्रानगर में बिजली बिल चेक करने गई निजी बिजली कंपनी की टीम के साथ दहशतगर्दी का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक कर्मचारी को घर के अंदर कमरे में बंधक बनाकर उस पर पिटबुल, रॉटवीलर और जर्मन शेफर्ड कुत्ते छोड़ दिए। कुत्तों ने कर्मचारी को करीब 17 जगह काटा। इसके बाद आरोपी बंदूक लेकर बाहर आया और टीम को जान से मारने की धमकी दी।

 

घटना गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे हजीरा थाना क्षेत्र के इंद्रानगर की है।

शताब्दीपुरम निवासी रविन्द्र सिंह राजावत (40) बिजली विभाग में निजी कर्मचारी हैं और हजीरा जोन में पदस्थ हैं। गुरुवार को वह अपने साथी आदित्य भदौरिया के साथ चार शहर का नाका स्थित इंद्रानगर में बिजली बिल चेक करने गए थे।

इसी दौरान आरोपी वीरू तोमर मौके पर पहुंचा और दोनों से पूछताछ करने लगा। बिजली कर्मचारी होने की जानकारी देने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा।

मशीन तोड़ी, कमरे में बंद कर कुत्तों से हमलावर कराया

पीड़ितों ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने आदित्य के हाथ से बिल चेक करने वाली मशीन छीन ली और सड़क पर पटक कर तोड़ दी। मशीन से बैटरी, सिम और रील निकाल कर फेंक दी।

इसके बाद आरोपी रविन्द्र को घसीटते हुए अपने घर के अंदर ले गया और कमरे में बंद कर दिया। आरोपी ने अपने तीनों कुत्तों – पिटबुल, रॉटवीलर और जर्मन शेफर्ड को उस पर छोड़ दिया। कुत्तों ने रविन्द्र के दोनों हाथ, जांघ और पैर के पिछले हिस्से समेत शरीर पर करीब 17 जगह काट लिया। इस दौरान आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर भी हमला किया।

 

एक घंटे तक कुत्तों के बीच फंसा रहा कर्मचारी

 

पीड़ित का कहना है कि वह करीब एक घंटे तक कमरे में कुत्तों के बीच फंसा रहा। एक कुत्ते को रोकता तो दूसरा झपट पड़ता था। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तब आरोपी वीरू तोमर बंदूक लेकर बाहर आया और कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा – “मैं यहां का डॉन हूं, अगर मोहल्ले में दोबारा बिल चेक करने आए तो जान से खत्म कर दूंगा।”

 

बताया जा रहा है कि आसपास रहने वाली एक महिला ने हिम्मत दिखाकर कर्मचारी को बचाया।

 

आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी पुलिस

 

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले शामिल होने की बात सामने आई है।

 

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, इंद्रानगर में बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। कर्मचारी को कुत्तों से कटवाने की बात भी सामने आई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Next Post

राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, निर्धारित कार्यक्रम जारी

Fri Aug 14 , 2026
दमोह।स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन आज 15 अगस्त 2026, शनिवार को तहसील ग्राउण्ड, दमोह में प्रातः 9 बजे किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि […]

You May Like