
शाजापुर, 28 जून. मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने ही गांव के एक युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि उसने जब यह बात आरोपी की मां को बताई, तो उसने भी महिला के साथ मारपीट की. महिला ने थाने में शिकायत की है. पुलिस ने आरोपी मां-बेटेे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि घटना 23 जून की रात की है. वह अपने घर में अकेली सो रही थी. तभी रात के करीब 12 बजे गांव का रहने वाला सूरज घर में घुस आया. उसने महिला के साथ जबरदस्ती की और वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकला. पीडि़ता ने अगले दिन आरोपी की मां संतोष को इस करतूत के बारे में बताया, तो उसकी मां ने उल्टे महिला को ही गाली-गलौज करते हुए गैस के पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे महिला को चोंट आई है. वहीं जब पीडि़ता का जीजा उसे इलाज के लिए ले जाने लगा, तो आरोपी की मां ने उन दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी. उसके बाद दोनों अस्पताल गए और नलखेड़ा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद पीडि़ता अपनी बहन और जीजा के साथ मोहन बड़ोदिया थाने पहुंची और आपबीती सुनाई. पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मुख्य आरोपी सूरज और उसकी मां संतोष बाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
