आपदा प्रबंधन ने बताया, लापता लोगों में सेना के जवान और बिहार-यूपी के लोग भी शामिल।
उत्तरकाशी, 12 अगस्त : उत्तराखंड के धराली में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर ने 43 लापता लोगों की लिस्ट जारी की है। इस सूची में 24 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं, जो सेब के बागानों में काम करने के लिए यहां आए थे। इसके अलावा, लापता लोगों में 9 सेना के जवान और बिहार और उत्तर प्रदेश के 19 लोग भी शामिल हैं। आपदा में अब तक एक व्यक्ति, आकाश पंवार, का शव बरामद हुआ है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में 1,308 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। राहत और बचाव कार्य में SDRF, ITBP और सेना की टीमें लगातार लगी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल नेटवर्क बहाल होने के बाद पांच लापता नेपाली मजदूरों से संपर्क साधा गया है, लेकिन बाकी 24 की जानकारी उनके ठेकेदारों से नहीं मिल पाई है।

