
शिवपुरी। जिले के देहात और पिछोर थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में अज्ञात वाहनों की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहला हादसा बुधवार शिवपुरी-झांसी लिंक रोड पर मछली फार्म के पास हुआ, जहां बलारी माता मंदिर से लौट रहे ससुर-दामाद की बाइक को अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। वहीं दूसरा हादसा पिछोर के भरतपुर गांव के पास हुआ, जहां मल्हावनी से लौट रहे मामा-भांजे की बाइक को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
देहात थाना क्षेत्र के शिवपुरी-झांसी लिंक रोड स्थित मछली फार्म के पास पहला हादसा हुआ। खरईभाट गांव निवासी किशन वाल्मीक अपने ससुर बहादुर वाल्मीक (45) के साथ बाइक से बलारी माता मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने ससुर बहादुर वाल्मीक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दामाद किशन का इलाज अस्पताल में जारी है।
दूसरा सड़क हादसा पिछोर थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव के पास हुआ। नांद गांव निवासी कल्याण सिंह लोधी अपने भांजे सतेंद्र लोधी के साथ मल्हावनी गांव से अपने गांव नांद लौट रहा था। भरतपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मामा-भांजा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल दोनों लोगों को सबसे पहले पिछोर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही कल्याण सिंह लोधी की मौत हो गई।
