बाल श्रम के खिलाफ महामंथन: सुरक्षित बचपन का संकल्प

भोपाल। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय “बालिका सुरक्षा सृजन महासम्मेलन” बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और बाल श्रम उन्मूलन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ज्ञान-विज्ञान भवन में आयोजित इस सम्मेलन में शासन-प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, यूनिसेफ तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सामाजिक एवं आर्थिक रूप से संवेदनशील पृष्ठभूमि से आए 600 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सम्मेलन का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास तथा बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी और साइबर अपराध जैसे खतरों के प्रति जागरूक करना था।

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति डॉ. विवेक शर्मा ने कहा कि यह पहल पुलिस और समाज के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। वहीं भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सामुदायिक पुलिसिंग को सुरक्षित समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया।

श्रम विभाग के सचिव रघुराज राजेन्द्रन ने बाल श्रम निषेध कानूनों की जानकारी देते हुए बच्चों को विद्यालयों से जोड़े रखने पर जोर दिया। सामुदायिक पुलिसिंग के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. विनीत कपूर ने बताया कि वर्ष 2022 से संचालित “सृजन” अभियान के माध्यम से जोखिमग्रस्त बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

यूनिसेफ के बाल संरक्षण विशेषज्ञ लोली चेन ने कहा कि बाल श्रम केवल आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मध्यप्रदेश पुलिस के प्रेरक संगीत कार्यक्रम के साथ हुआ।

 

 

 

Next Post

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 10 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Sat Jun 13 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर की गई 10 लाख रुपये की साइबर ठगी का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी गई पूरी राशि बरामद कर पीड़ित को वापस दिला दी है। मामला नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा का है, […]

You May Like