ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 10 लाख की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर की गई 10 लाख रुपये की साइबर ठगी का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी गई पूरी राशि बरामद कर पीड़ित को वापस दिला दी है।

मामला नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा का है, जहां एक निवासी ने ऑनलाइन निवेश योजना के जरिए ठगी का शिकार होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, पीड़ित को फेसबुक पर प्रदर्शित एक विज्ञापन के माध्यम से “प्रॉक्स ट्रेंड” नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। विज्ञापन के झांसे में आकर उसने अलग-अलग किश्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस हुई।

शिकायत मिलने के बाद गाडरवारा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में नरसिंहपुर साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेन-देन और डिजिटल विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का पता लगाकर उन्हें महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी राशि बरामद कर पीड़ित को लौटा दी है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

Next Post

महूगांव में 20 दिन से सीवर का पानी फैल रहा सड़क पर

Sat Jun 13 , 2026
महू: नगर की सुपर सिटी की पी-क्यू लाइन में पिछले 15-20 दिनों से सीवर चैंबर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. इस कारण क्षेत्र में गंदगी फैल गई है और रहवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है. निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद […]

You May Like