महू: नगर की सुपर सिटी की पी-क्यू लाइन में पिछले 15-20 दिनों से सीवर चैंबर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. इस कारण क्षेत्र में गंदगी फैल गई है और रहवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है. निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है. रहवासियों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने नगर परिषद और क्षेत्रीय पार्षद को इस समस्या से कई बार अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
सड़कों पर जमा गंदे पानी से बदबू फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के सफाईकर्मी भी नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं. इस कारण कॉलोनी के लोगों को निजी खर्च पर सफाई करवानी पड़ रही है, लेकिन गंदे पानी की समस्या बनी हुई है. बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो सकती है. रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि चैंबर की मरम्मत कर समस्या का स्थायी समाधान जल्द नहीं किया गया, तो वे प्रदर्शन करेंगे.
