
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के बडोली गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक मिट्टी की खदान धंस गई। इस हादसे में राजस्थान से आईं तीन महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नयागांव और निंबाहेड़ा के बीच स्थित ग्राम जलिया (जरे पिपलिया) से कुल 13 महिलाएं नीमच जिले के बडोली क्षेत्र में सिर में भरने वाली विशेष मिट्टी लेने आई थीं। महिलाएं खदान में मिट्टी की खुदाई कर रही थीं, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया।
मिट्टी धंसते ही वहां काम कर रही तीन महिलाएं उसकी चपेट में आकर मलबे में दब गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों और साथी मजदूरों ने तुरंत मिट्टी हटाकर दबी हुई महिलाओं को बाहर निकाला।
घायल महिलाओं में से एक की पहचान लीला बाई (35) पति तुलसीराम मीणा, निवासी जरे पिपलिया (निंबाहेड़ा) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो गंभीर घायल महिलाओं को शहर के निजी ‘श्री राम हॉस्पिटल’ में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य महिला को जिला चिकित्सालय में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
