सीधी। शहर की पुरानी सब्जी मंडी में ‘सब्जी मंडी की महारानी’ दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में जबलपुर से आए मां नर्मदा देवी जागरण ग्रुप ने भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मां काली की आकर्षक झांकी और राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं, फूलों की होली ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में व्यापारी संघ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति संगीत और आकर्षक झांकियों के बीच पूरा पुरानी सब्जी मंडी परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
