नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार से स्विट्ज़रलैंड की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे और द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी को सुदृढ़ करने तथा भारत- यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टेपा) के कार्यान्वयन पर आगे की चर्चा करेंगे।
यूरोप के चार देशों के ईएफटीए में आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार पीयूष गोयल 12 जून को स्विट्ज़रलैंड की राजधानी बर्न में वहां की सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों तथा फार्मास्यूटिकल उद्योग के प्रमुख नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
मंत्रालय ने कहा है कि श्री गोयल की यह यात्रा स्विट्ज़रलैंड और अन्य ईएफटीए देशों के साथ भारत की आर्थिक भागीदारी को दिये जा रहे महत्व को दर्शाती है। भारत-ईएफटीए समझौते पर मार्च 2024 में हस्ताक्षर किये गये थे। यह समझौता पिछले साल अक्टूबर से प्रभावी है। यह समझौता दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एक व्यापक ढांचा प्रदान करता है।
यात्रा के दौरान श्री गोयल की स्विट्ज़रलैंड की आर्थिक मामलों की मंत्री हेलेन बुडलिगर आर्टिएडा तथा स्विट्ज़रलैंड के संघीय राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन से मुलाकात करने वाले हैँ । इसके अतिरिक्त, वे स्विस फार्मास्यूटिकल उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे।
श्री गोयल के साथ उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी यात्रा में शामिल होंगे।
