

बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल की पुत्री, सुरभि खण्डेलवाल की स्मृति में बुधवार को कोठी बाजार स्थित न्यू बैतूल ग्राउंड में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस हृदयविदारक घड़ी में समूचा बैतूल शहर और जिले भर से आए लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुँचे। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत भावुक रहा, जहाँ उपस्थित हजारों की संख्या में जनसमूह ने नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी प्रिय बिटिया को अंतिम विदाई दी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से शोक संतप्त खण्डेलवाल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर राजनीति, समाजसेवा और व्यापार जगत के दिग्गजों का जमावड़ा लगा रहा। सभा में विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की।
श्रद्धांजलि देने पहुँचे वक्ताओं और उपस्थित जनों ने स्वर्गीय सुरभि को स्मरण करते हुए कहा कि उनका असमय देवलोकगमन परिवार और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। कार्यकर्ताओं और परिजनों ने भावुक होते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे सुश्री सुरभि को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। विजय सेवा न्यास के सामने आयोजित इस सभा में जिस प्रकार जनसैलाब उमड़ा, वह स्वर्गीय सुरभि के प्रति लोगों के स्नेह और खण्डेलवाल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाओं को स्पष्ट रूप से दर्शा रहा था।
