अंतिम संस्कार में बरसी गोलियां: खैजरा गांव में पारदी गुटों की रंजिश फिर हिंसक, महिला व नाबालिग घायल

गुना। जिले का खैजरा गांव पारदियों की रंजिश के चलते एक बार फिर गोलियों की धमक से गूंज उठा। बुधवार को एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार में पहुंचे लोगों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग करने की जानकारी सामने आ रही है। इस सनसनीखेज वारदात में एक महिला और नाबालिग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी सामने आई है कि धरनावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पारदी बाहुल्य गांव में बीमारी से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। बुधवार सुबह 10 बजे उसके रिश्तेदार मोर बाई पत्नि संग्राम पारदी सहित दर्जनों लोग पहुंचे थे। इसी दौरान खेतों में छिपे बैठे कुछ लोगों ने अचानक फायरिंग करना शुरु कर दिया। इस गोलीबारी में 40 वर्षीय मोर बाई को गोली लगी है, जबकि एक नाबालिग को भी छर्रे लगने से वह मामूली रूप से घायल हुआ है। मोर बाई के परिजनों ने दावा किया है कि गोली चलाने वाले शख्स राम पूजन पारदी और उसके साथी कृष्णा, वीरेंद्र, अमर सहित कई लोग थे। जिन्हें उन्होंने पहचान लिया है। बताया गया है कि राम पूजन ने सितंबर महीने में ही मोर बाई के देवर और संग्राम के भाई खेरू पारदी की खेत में भैंस घुसने के विवाद को लेकर हत्या कर दी थी। तब से दोनों परिवारों के बीच रंजिश बढ़ गई है। रामपूजन पर एक बार फिर गोली चलने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि उन्होंने गोलियों की आवाज सुनते ही झागर पुलिस चौकी से संपर्क किया, लेकिन पुलिस काफी देर तक मौके पर ही नहीं आई। जबकि आरोपी लगातार मौके पर ही खड़े होकर धमकियां देते रहे और फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मोर बाई को गंभीर घायल अवस्था में गुना लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर इस घटनाक्रम को लेकर पुलिस का अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन धरनावदा थाना क्षेत्र के खैजरा में सामने आई इस घटना ने पारदी बाहुल्य इस गांव में गुटीय संघर्ष बरकरार रहने की पुष्टि जरूर कर दी है।

Next Post

अहिंसा संपूर्ण मानवता के कल्याण और वैश्विक शांति का मार्ग : बिरला

Wed Jan 7 , 2026
नयी दिल्ली 07 जनवरी (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि अहिंसा केवल एक धार्मिक सिद्धांत नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण और वैश्विक शांति का मार्ग है। श्री बिरला ने आज मुंबई में आयोजित ऊर्जा महोत्सव में परम पूज्य आचार्य श्री रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज की 500वीं पुस्तक […]

You May Like