खुरेरी में सरकारी जमीन पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनी के निर्माण हटाए

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुरेरी में लगभग 6 बीघा शासकीय भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी के सड़क मार्ग सहित अन्य स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से यातायात में बाधक हाथ ठेले, फुटपाथी दुकानें एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए।
नगर निगम की मदाखलत टीम द्वारा तहसीलदार विजय शर्मा, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 61 स्थित ग्राम खुरेरी में सुबह से दोपहर बाद तक कार्रवाई की गई। यहां लगभग 6 बीघा शासकीय भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी की सड़क सहित अन्य चिह्नित स्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीनों एवं मदाखलत दल की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी अनिल श्रीवास्तव, संबंधित पटवारी, मदाखलत निरीक्षक , ग्रामीण मदाखलत दल, क्षेत्रीय कार्यालय का स्टाफ एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
इसी क्रम में हजीरा चौराहा, इंटक मैदान के बाहर, चार शहर का नाका रोड एवं किलागेट रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। यहां यातायात में बाधक हाथ ठेलों, फुटपाथी दुकानों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाकर मार्गों को आवागमन के लिए सुगम बनाया गया। हाथ ठेला एवं फुटपाथी दुकानदारों को निर्धारित हॉकर्स जोन में भेजा गया तथा दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। कार्रवाई के दौरान मदाखलत निरीक्षक सहित ग्वालियर मदाखलत दल मौजूद रहा।

वहीं पाताली हनुमान मंदिर से कांच मिल जोन क्रमांक 05 के पास तक सड़क के बाईं ओर नाले पर रखी बांस-बल्लियां, नसैनियां एवं अन्य सामान हटवाने की कार्रवाई की गई। साथ ही वहां लगी गुमटियों, लोहे के एंगल, टीनशेड एवं भारी सामान सहित स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण करने वालों को एक दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की सख्त हिदायत दी गई। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सामान जब्त करने, हटाने एवं जुर्माने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।इसी प्रकार महाराज बाड़ा क्षेत्र में सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, एसबीआई बैंक, हेमू चौक, छापाखाना, स्काउट एवं गांधी मार्केट के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई। यहां हाथ ठेलों एवं फुटपाथी दुकानदारों द्वारा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले फड़ों एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाकर बाजारों के मुख्य मार्ग खाली कराए गए। इस दौरान मदाखलत निरीक्षक दक्षिण मदाखलत दल मौके पर मौजूद रहा।

Next Post

गैस रिसाव हादसे में घायल कमल रजक के घर पहुंचे मंत्री कुशवाह

Sun Nov 29 , 2026
ग्वालियर। प्रदेश के सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह गैस रिसाव हादसे में घायल हुए कमल रजक का हाल जानने उनके तारागंज स्थित निवास पर पहुंचे। उन्होंने कमल रजक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से चर्चा कर हादसे तथा उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मंत्री […]

You May Like