
ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंसर पहाड़ी पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्वालियर आ रहे स्कूटी सवार किशोर और किशोरी को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें किशोरी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, पिछोर निवासी 16 वर्षीय शिवानी पाल पुत्री राजेंद्र पाल अपने रिश्तेदार विनेश पाल के साथ स्कूटी से ग्वालियर पेपर देने आ रही थी। जैसे ही उनकी स्कूटी कैंसर पहाड़ी के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
