
सीधी । कलेक्टर के निर्देश पर आज से सम्पूर्ण बसों के नवीन बस स्टैण्ड से संचालन सुनिश्चित कराने नपा अमले के साथ सीएमओ ने स्वयं मोर्चा संभाला। सोनांचल बस स्टैण्ड से बसों का संचालन पूर्णत: बंद हो चुका है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार आज 1 जुलाई से सीधी जिले की समस्त यात्री बसों का संचालन नवीन बस स्टैण्ड से शुरू हो गया। अब जिले के विभिन्न मार्गों पर चलने वाले सभी बसें केवल नवीन बस स्टैण्ड से ही संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही पुराने बस स्टैण्ड से बसों का संचालन और सवारी बैठाना पूरी तरह बंद कर दिया गया है। जिला सडक़ सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुपालन में लागू की गई इस नई व्यवस्था का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाना, मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम को कम करना तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सुबह से ही नवीन बस स्टैण्ड पर बसों का आवागमन शुरू हो गया और यात्री भी वहीं से अपनी यात्रा करते नजर आए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी बस का संचालन पुराने बस स्टैण्ड या अन्य अनधिकृत स्थान से किए जाने पर संबंधित बस संचालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम 1988 सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नवीन बस स्टैण्ड में व्यवस्था बनाने के लिये आज नपा के गौरव सिंह, अमित सिंह, लक्ष्मीकांत शुक्ला, ललोहर साहू, अनिल सिंह चालसे, ज्वाला प्रसाद पटवा सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
००
इनका कहना है
नवीन बस स्टैण्ड में आज पुराने स्टैण्ड से सम्बद्ध सभी बसें पहुंची। यात्री भी नये बस स्टैण्ड से बसों में सफर के लिये पहुंचे। मैं स्वत: नवीन बस स्टैण्ड में सुबह करीब 4 घंटे मौजूद था। बस स्टैण्ड में यात्रियों के लिये सभी आवश्यक सुविधाएं प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई हैं। पुराने बस स्टैण्ड के फुटपाथी व्यवसाइयों के लिये हॉकर्स जोन की व्यवस्था पर भी आवश्यक निर्णय प्रशासन के लिये आगे लिया जायेगा।
महमूद हसन, सीएमओ नगर पालिका परिषद सीधी
०००००००००००००
