
बड़वानी।शहर के अंजड़ रोड पर नायरा पेट्रोल पंप के सामने बुधवार दोपहर सवारियों से भरी एक ऑटो रिक्शा क्रं. एमपी46आर0298 अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में शहर के सतपुड़ा कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय संगीता पति धनंजय गोले की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सवार यात्रियों की जानकारी अनुसार रिक्शा में क्षमता से अधिक करीब 11 सवारियां बैठी थी। घायल अनीता बाई ने बताया कि वे सभी यात्री कारंजा चौराहे से रिक्शा में बैठकर ग्राम तलून में खाटू श्याम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव और भंडारे के आयोजन में शामिल होने जा रहे थे। नायरा पेट्रोल पंप के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल सामने से आ गई। रिक्शा चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे रिक्शा अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे दो बार पलटी खा गई, जिससे रिक्शा में सवार यात्री घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। इस दौरान एक महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में सात महिला यात्री बुरी तरह घायल हुई हैं, जिन्हें डायल 100, निजी चार पहिया वाहन एवं चार 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। घायलों में रिंकू शांतिलाल 40, अनिता शिवजी 45, रेखा सुभाष 40, विद्या अरुण 55, जमना जगदीश 60, शिवकन्या राजेश 40 और कलाबाई सत्यनारायण 60 शामिल हैं। ये सभी शहर निवासी हैं।
ड्यूटी डॉ गजेन्द्र सिंह सोलंकी के अनुसार घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थी, जो हादसे का एक प्रमुख कारण बना। मोटरसाइकिल को बचाने के दौरान संतुलन बिगडऩे से यह घटना हुई। पुलिस ने रिक्शा जब्त कर ली है।
मर्ग कायम कर जांच की शुरू
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने जानकारी दी कि मृतक महिला संगीता पति धनंजय गोले 60 सतपुड़ा कॉलोनी की रहने वाली थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना में संलिप्त मोटरसाइकिल चालक की तलाशकी जा रही है
