
सीधी। म.प्र. टूरिज्म बोर्ड भोपाल के तत्वाधान में जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बकवा में विकसित होम स्टे परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ।
इन्द्रवती नाट्य समिति सीधी के समन्वय एवं सतत प्रयासों से विकसित इस परियोजना के अंतर्गत प्रथम चरण में घोटिहारी होम स्टे हितग्राही-संसार सिंह, सइलाडंडा होम स्टे हितग्राही-लल्लू सिंह, करमा होम स्टे हितग्राही-वरुण सिंह, संगम होम स्टे हितग्राही-जगन्नाथ जायसवाल, सुआ छपइया होम स्टे हितग्राही-चंद्रभान सिंह तथा डमरू होम स्टे हितग्राही-कृष्ण प्रताप सिंह का विधिवत लोकार्पण एवं शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ.राजेश मिश्र रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिपं अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष व्यापारी संघ लालचंद गुप्ता तथा पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इंद्रशरण सिंह चौहान शामिल रहे। गुदुम बाजा, घसिया करमा, सइला एवं अहिराई लाठी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह को जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। परियोजना के पीएसओ रोशनी प्रसाद मिश्र ने संपूर्ण परियोजना का समन्वय किया। सम्पूर्ण परियोजना का नेतृत्व नीरज कुंदेर सचिव इन्द्रवती नाट्य समिति सीधी ने किया।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ.राजेश मिश्र ने इन्द्रवती नाट्य समिति के सचिव नीरज कुंदेर, पीएसओ रोशनी प्रसाद मिश्र, रजनीश कुमार जायसवाल, प्रजीत कुमार साकेत सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम जिस कार्य को हाथ में लेती है उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाती है। उन्होंने परियोजना की सफलता पर सभी हितग्राहियों एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह का समापन जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण तथा ग्रामीण परिवारों को पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जोडऩे के संकल्प के साथ हुआ।
००
पर्यटन के संरक्षण के लिये समिति कर रही निरंतर कार्य: आरबी
स्वागत उद्बोधन में इन्द्रवती नाट्य समिति के संरक्षक इंजी.आर.बी.सिंह दादाभाई ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं ग्रामीण पर्यटन के संरक्षण के लिए समिति निरंतर कार्य कर रही है। इन्द्रवती नाट्य समिति द्वारा मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत बकवा में कुल 10 होम स्टे विकसित किए गए हैं। प्रथम चरण में प्रारंभ किए गए छह होम स्टे स्थानीय परिवारों को पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। इस परियोजना में हुनरशाला फाउंडेशन तकनीकी सहयोगी संस्था रही जबकि इन्द्रवती नाट्य समिति सीधी ने सहयोगी संस्था के रूप में परियोजना के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
००
जिले में पर्यटन की हैं अपार संभावनाएं: टेकाम
अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि सीधी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने नीरज कुंदेर एवं रोशनी प्रसाद मिश्र से इस मॉडल को जिले के अन्य गांवों तक विस्तारित करने का आग्रह किया ताकि सीधी जिला जनजातीय, ग्रामीण एवं सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त कर सके।
०००००००००००
