रांची, 22 मार्च (वार्ता) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के सारंडा जंगल के मारंगपोंगा इलाके में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के एक जवान की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया ।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने आज इसकी पुष्टि की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सारंडा जंगल में शनिवार को सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था इसी दौरान दोपहर करीब ढाई से आईईडी ब्लास्ट की घटना हुई। आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ 193 बी एन के एसआई सुनील कुमार मंडल एवं पार्थ प्रतिम डे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों घायलों को हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया। इलाज के दौरान जवान सुनील कुमार मंडल की मौत हो गई जबकि दूसरे घायल जवान की इलाज जारी है
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सुरक्षा बलों ने पश्चिम सिंहभूम जिले में 20 किलो का आईईडी बम बरामद किया गया था और बम निरोधक दस्ते ने उसे निष्क्रिय किया था।
