भारी उतार-चढ़ाव के बाद रुपया दो पैसे की गिरावट में बंद

मुंबई, 16 जून (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया और अंत में यह दो पैसे टूटकर 94.60 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

दोपहर बाद एक समय रुपया अचानक 102 पैसे की मजबूती के साथ 93.56 रुपये प्रति डॉलर तक पहुंच गया था। लेकिन जिस तेजी के साथ यह ऊपर गया था उसी तेजी से 94.52 रुपये प्रति डॉलर तक गिर गया। यह भारी उतार-चढ़ाव आधे घंटे के भीतर देखने को मिला।

कच्चे तेल में नरमी और शेयर बाजारों में तेजी से रुपये को समर्थन मिला, लेकिन कम भाव पर डॉलर की लिवाली आने से बाद में भारतीय मुद्रा दबाव में आ गयी। यह 11 पैसे टूटकर 94.69 रुपये प्रति डॉलर पर खुली थी। इसका दिन का उच्चतम स्तर 93.56 रुपये और निचला स्तर 94.72 रुपये प्रति डॉलर रहा।पिछले कारोबारी दिवस पर रुपया 60 पैसे की बढ़त के साथ 94.58 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल पर आज लगातार दूसरे दिन दबाव रहा। सोमवार को पांच प्रतिशत टूटने के बाद मंगलवार को लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा तीन प्रतिशत और गिरकर 81 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। यह तीन महीने का इसका नया निचला स्तर है।

 

 

Next Post

महिला सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत, घर से 40 किलोमीटर के दायरे में होगी तैनाती : मान

Tue Jun 16 , 2026
एसएएस नगर (मोहाली), 16 जून (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को राज्य की महिला सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि प्रोबेशन अवधि पूरी होने के बाद ग्रुप-सी और ग्रुप-डी श्रेणी की महिला कर्मचारियों की तैनाती उनके घर से अधिकतम 40 किलोमीटर […]

You May Like