एसएएस नगर (मोहाली), 16 जून (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को राज्य की महिला सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि प्रोबेशन अवधि पूरी होने के बाद ग्रुप-सी और ग्रुप-डी श्रेणी की महिला कर्मचारियों की तैनाती उनके घर से अधिकतम 40 किलोमीटर के दायरे में की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस फैसले को कर्मचारी हितैषी और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य, शिक्षा और पुलिस विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत हजारों महिला कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
मोहाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री मान ने कहा कि सरकार ने इस नीति को लागू करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दे दिये हैं। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से स्टाफ नर्सों, शिक्षिकाओं और महिला पुलिस कर्मियों को इस निर्णय से बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कई महिला कर्मचारियों ने उनसे मुलाकात कर बताया था कि उनकी तैनाती घर से 200 किलोमीटर तक दूर है, जिसके कारण वे सप्ताह में केवल दो दिन ही अपने परिवार से मिल पाती हैं और उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नयी नीति बनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि महिला कर्मचारी आवेदन के समय अपने मायके या ससुराल में से किसी एक पते को प्राथमिकता के रूप में चुन सकेंगी। इसके आधार पर उनकी तैनाती घर से अधिकतम 40 किलोमीटर की दूरी के भीतर सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 40 किलोमीटर केवल अधिकतम सीमा होगी और संभव होने पर कर्मचारियों को 15 या 20 किलोमीटर की दूरी पर भी तैनात किया जा सकता है।
श्री मान ने कहा कि खुश और संतुष्ट कर्मचारी बेहतर तरीके से कार्य करते हैं। इसी सोच के तहत सरकार कर्मचारियों की समस्याओं और सुझावों के आधार पर नीतियां बना रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
