खेत तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत, हस्तिनापुर में पसरा मातम

सीधी। जिले के सेमरिया थानांतर्गत पुलिस चौकी बम्हनी के ग्राम हस्तिनापुर में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे खेत में बने तालाब में नहाने गए दो बालकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार हस्तिनापुर निवासी अर्पित केवट पिता ओमप्रकाश केवट उम्र करीब 8 वर्ष तथा पंकज केवट पिता रमेश केवट उम्र करीब 14 वर्ष खेत तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान तालाब में अधिक पानी होने के कारण दोनों बालक गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बालकों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बम्हनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मामले की जांच एवं विवेचना शुरू कर दी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। एक साथ दो मासूमों की मौत से हस्तिनापुर गांव में शोक की लहर है। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए और पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के बीच खेत तालाबों में सुरक्षा के इंतजाम और बच्चों के वहां जाने पर निगरानी की आवश्यकता को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

Next Post

बारिश के बीच भी कम नहीं हुआ देशभक्ति का जज्बा: राज्यमंत्री लोधी

Sun Aug 16 , 2026
दमोह। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास व धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तहसील मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेशवासियों व दमोह जिलावासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दमोह में आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया तथा […]

You May Like