इंदौर:आजादनगर क्षेत्र में स्कूटी सुधरवाने गैरेज पहुंची 23 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोपी ने युवती पर अश्लील टिप्पणी की, कंधे पर हाथ रखा और विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिए, बाद में जान से मारने की धमकी भी दी.घटना कल शाम करीब साढ़े पांच बजे से पौने छह बजे के बीच हर्ष प्रजापत के गैरेज, मूसाखेड़ी की है.
पीड़िता अपनी स्कूटी में काम कराने वहां पहुंची थी. इसी दौरान भील कॉलोनी, मूसाखेड़ी निवासी संदीप बारिया उम्र 30 साल वहां मिला. आरोप है कि उसने पहले युवती से अश्लील बातें कीं और फिर उसके कंधे पर हाथ रख दिया. युवती ने विरोध करते हुए दूर रहकर बात करने को कहा तो आरोपी भड़क गया, उसने गाली गलौज शुरू कर दी. विरोध जारी रखने पर आरोपी ने युवती को दो थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया. पीड़िता की शिकायत पर आजादनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
