भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस कृष्ण चैतन्य ने मेट्रो परियोजना की ब्लू लाइन भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहा एवं ऑरेंज लाइन पर निर्माण कार्य के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने पैकेजों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए कहा. आगे उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुसार किया जाए. जिसके लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें. ताकि कार्यों को लक्ष्य अनुसार रफ्तार मिल जाए.
निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण
प्रबंध संचालक ने मेट्रो परियोजना पर चल रहे कार्य स्थलों का तीन घंटे तक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पियर एवं वायाडक्ट निर्माण, मेट्रो स्टेशनों के निर्माण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्थाओं, निर्माण गुणवत्ता तथा कार्यों की समग्र प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक पैकेज की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
