रीवा: जिले में दो दिन से रिमझिम बारिश हो रही है. दोपहर झमाझम बारिश के बाद शाम को भी रूक-रूक कर बारिश होती रही. जिले में अभी तक बहुत कम बारिश हुई है. हालाकि वर्षा का दौर अभी जारी है. सबसे कम बारिश त्योंथर तहसील में हुई है, जबकि सबसे ज्यादा वर्षा गुढ़ तहसील में दर्ज की गईहै.इस बार समय पर मानसून नही आया जिसके चलते खरीफ की बोनी प्रभावित हुई है और अब बारिश शुरू होते ही किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है. जिले में एक जून से अब तक 202.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है. इस अवधि में तहसील गुढ़ में सर्वाधिक 427 मिलीमीटर और तहसील त्योंथर में सबसे कम 65 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है.
तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन ने बताया कि इस दौरान तहसील हुजूर में 208.3 मिलीमीटर, रायपुर कर्चुलियान में 210.7 मिलीमीटर, सिरमौर में 193.4 मिलीमीटर, सेमरिया में 212 मिलीमीटर, मनगवां में 117 मिलीमीटर तथा तहसील जवा में 186 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. गत वर्ष इसी अवधि में जिले में 584.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी, जो गत वर्ष की तुलना में इसी अवधि में दर्ज की गई वर्षा से 382 मिलीमीटर कम है. जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 15 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई. इस अवधि में तहसील रायपुर कर्चुलियान में 18 मिली मीटर, गुढ़ में 26 मिली मीटर, मनगवां में 20 और तहसील जवा में 25 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई. जिले की सामान्य औसत वर्षा 1044.6 मिली मीटर है.
