बंगाल : कुल्टी में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी छापेमारी, छह हिरासत में, पुलिस ने ‘मिनी जामताड़ा’ नेटवर्क का किया पर्दाफाश

आसनसोल, 07 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिले के नियामतपुर स्थित हरिजनपारा इलाके में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन और कुल्टी पुलिस के चलाये गये बड़े साइबर अपराध विरोधी अभियान के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के तहत की गयी इस छापेमारी में कॉम्बैट फोर्स और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की मदद ली गयी। पुलिस की कई टीमों ने इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया। अभियान के दौरान पुलिस ने ताले बंद कई मकानों के दरवाजे भी तोड़े।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह इलाका ‘मिनी जामताड़ा’ में तब्दील हो चुका था। यहां सीसीटीवी कैमरों का एक बड़ा नेटवर्क लगाया गया था, ताकि गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और पुलिस की किसी भी कार्रवाई के प्रति गिरोह से जुड़े लोगों को सतर्क किया जा सके।

दिनभर चले अभियान में पुलिस ने मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किये हैं। इस नेटवर्क के फैलाव का अंदाजा लगाने के लिए जांचकर्ता सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग 19 और जीटी रोड के पास स्थित होने के कारण इस इलाके से आरोपियों को भागने के आसान रास्ते मिल जाते थे।

यह छापेमारी एक सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू की गयी थी। यह संदिग्ध नेटवर्क काफी समय से पुलिस की निगरानी में था। गिरोह के सरगनाओं और अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए हिरासत में लिये गये छह लोगों से पूछताछ की जा रही है।

एडीपीसी ने इस जांच पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, जबकि छापेमारी अब भी जारी है। हिरासत में लिये गये छह संदिग्धों की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है। सूत्रों ने बताया कि उन्हें आसनसोल अदालत में पेश किये जाने की संभावना है।

 

 

Next Post

नंदुरबार के धड़गांव में एसयूवी पलटने से 21 यात्री घायल, चालक मौके से फरार

Tue Sep 8 , 2026
नंदुरबार, (वार्ता) महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के धड़गांव तालुका स्थित सावरयादिगर गांव में एक एसयूवी पलटने से कम से कम 21 यात्री घायल हो गये। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वाहन धड़गांव से सावरयादिगर-बुरखेड़ा पाड़ा की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक तीखे ढलान वाले मोड़ […]

You May Like