ग्वालियर: कमलाराजा अस्पताल में एक एम्बुलेंस संचालक के साथ मारपीट और कथित वसूली का गंभीर मामला सामने आया है।पीड़ित एम्बुलेंस संचालक संतोष शिवहरे का आरोप है कि अस्पताल में रिश्वत देने से इनकार करने पर गार्ड सुपरवाइजर ब्रजकिशोर, उसके भाई और तीन अन्य लोगों ने पहले उससे पैसे छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर सभी ने उसके साथ हाथापाई की और जमीन पर गिराकर डंडे व सरियों से बेरहमी से मारपीट की।
पीड़ित का दावा है कि इस हमले में उसके दाहिने पैर, कमर और कूल्हे की हड्डियों में गंभीर चोटें आई हैं तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट लगी है। उसका यह भी आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों के विरोध के बाद आरोपी भाग गए और जाते-जाते उसे दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल संतोष शिवहरे को उपचार के लिए बुंदेलखंड अस्पताल में भर्ती कराया है।
