हड़बड़ाहट में चली लाइसेंसी बंदूक से गोली, भाजपा नेत्री की मौत

जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत आने वाले न्यू शोभापुर इलाके में शनिवार देर रात हड़बड़ाहट में चली लाइसेंसी बंदूक की गोली से भाजपा नेत्री संगीता रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 1 बजे न्यू शोभापुर निवासी संगीता रजक के घर के बाहर कुछ अज्ञात बदमाश इकट्ठा होकर गाली-गलौज और हंगामा कर रहे थे। आधी रात को शोर-शराबा सुनकर संगीता रजक के पति बंटी रजक और उनके देवर घर से बाहर निकले। सभी ने मिलकर हुड़दंग कर रहे लोगों को फटकार लगाई और वहां से जाने को कहा।

संगीता रजक सुरक्षा के लिहाज से घर के अंदर से लाइसेंसी बंदूक लेकर बाहर आईं। इसी गहमागहमी और हड़बड़ाहट के बीच अचानक बंदूक का ट्रिगर दब गया। गोली सीधे संगीता रजक के पेट में जा लगी और वे लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तुरंत बेहद गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहले भी हो चुका था हमला, डरा हुआ था परिवार

मृतका संगीता रजक और उनका परिवार क्षेत्र का एक जाना-माना राजनीतिक परिवार है। संगीता ने पिछला नगरीय निकाय चुनाव गोकलपुर वार्ड से भाजपा के टिकट पर लड़ा था। उनके पति बंटी रजक भी विधायक प्रतिनिधि, वीर सावरकर मंडल के उपाध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले भी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर बम पटके थे और उनकी कार में तोड़फोड़ की थी। बंटी रजक ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन तब से ही परिवार और पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ था। इसी डर की वजह से कल रात भी परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी भारी पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है रात में हंगामा करने वाले अज्ञात बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Next Post

कॉम्बिंग गश्त: 197 वारंटी,10 तस्कर पकड़ाए 

Sun Jun 7 , 2026
जबलपुर‌। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल की पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान कई वर्षों से फरार 121 गैर म्यादी वारिटयों एवं 53 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।23 जमानती वारंट भी तामील किए गए है। अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर […]

You May Like