उज्जैन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन आएंगे और रंग पंचमी के अवसर पर आयोजित कृष्ण-सुदामा रंग उत्सव यात्रा में शामिल होंगे. इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं.नवभारत से चर्चा में इवेंट डायरेक्टर कपिल यारदे ने बताया कि रविवार सुबह 8 बजे संत नगर चौराहा से कृष्ण-सुदामा रंग उत्सव यात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे. यात्रा के स्वागत के लिए शहर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा सैकड़ों मंच तैयार किए गए हैं.
संत नगर से टॉवर तक
यह यात्रा संत नगर चौराहा से प्रारंभ होकर तीन बत्ती चौराहा, इंदिरा गांधी चौराहा से होते हुए टावर चौक पहुंचेगी. टॅावर चौक पर यात्रा सांस्कृतिक कार्यक्रम में परिवर्तित हो जाएगी. यहां भव्य मंच बनाया गया है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन भी होगा और बड़े पैमाने पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
रंगारंग आतिशबाजी
कार्यक्रम के दौरान रंगों की आतिशबाजी मुख्य आकर्षण रहेगी. इसके साथ ही एक विशेष तोप भी तैयार की गई है, जिससे रंगों की बौछार की जाएगी. यादव समाज और सिंधी समाज,बैरवा समाज,बबलू यादव मित्र मंडली, ब्राह्मण समाज सहित कई सामाजिक संगठनों द्वारा मंच लगाकर यात्रा का स्वागत किया जाएगा. मुख्यमंत्री के साथ नगर के भाजपा नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी भी शामिल होंगे.
नृत्य मंडली आएगी
आयोजन में बाहर से नृत्य मंडलियों को भी आमंत्रित किया गया है. एक खुला ट्राला तैयार किया गया है, जिस पर झांकियां यात्रा के आगे-आगे चलेंगी. झांझ, मंजीरे, ढोल और शंख के वादन के बीच मुख्यमंत्री और शहरवासी रंगों में सराबोर दिखाई देंगे. यह पहली बार है जब नगर में कृष्ण-सुदामा रंग उत्सव यात्रा निकाली जा रही है और उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में इसका भव्य स्वागत किया जाएगा.
महापौर की गैर निरस्त
उज्जैन उत्तर क्षेत्र में महापौर मुकेश टटवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाली नगर गैर को निरस्त कर दिया गया है. अब पूरे शहर की एक ही रंग उत्सव यात्रा निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे.
अफसर ने क्या दौरा
यात्रा को लेकर उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने यात्रा मार्ग का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों को पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और जहां भी अव्यवस्था मिली, उसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए.
ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी
यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था भी बदली जाएगी. सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संत नगर से सिंधी कॉलोनी चौराहा होते हुए टॉवर चौक तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि कृष्ण-सुदामा रंग उत्सव यात्रा बिना बाधा के संपन्न हो सके
