नीमच-झालावाड़ मार्ग को स्टेट हाईवे की मंजूरी, क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

नीमच। जिले और आसपास के क्षेत्र के लिए सडक़ कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में प्रदेश की 12 प्रमुख सडक़ परियोजनाओं के निर्माण के लिए करीब 4,600 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग को स्टेट हाईवे के रूप में विकसित करने की परियोजना भी शामिल है।

इस मार्ग के विकसित होने से नीमच जिले का राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से सडक़ संपर्क और मजबूत होगा। नीमच, मनासा, रामपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों, परिवहन और कृषि उपज की आवाजाही को भी गति मिलने की उम्मीद है।

किसानों और व्यापारियों को मिलेगा सीधा फायदा

नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग के बेहतर होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी कृषि उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। परिवहन का समय और लागत कम होने से व्यापारियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

मार्ग के आसपास होटल, ढाबे, पेट्रोल पंप, सर्विस सेंटर, परिवहन एवं अन्य व्यवसायों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

राजस्थान से मजबूत होगी अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी

नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग मध्यप्रदेश को राजस्थान से जोडऩे वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बेहतर अधोसंरचना के साथ विकसित होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही क्षेत्र की बड़े आर्थिक एवं परिवहन मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस मार्ग के विकास की मांग उठती रही है। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अब परियोजना से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

रोजगार और कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा

सडक़ परियोजना के निर्माण के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। वहीं मार्ग के विकसित होने के बाद सडक़ किनारे होटल, ढाबे, पेट्रोल पंप, सर्विस सेंटर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की संभावना है।

बेहतर सडक़ से ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों की शहरों तक पहुंच भी आसान होगी। इसका सकारात्मक असर शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और दैनिक आवागमन पर पड़ सकता है।

जमीन अधिग्रहण पर मिलेगा चार गुना मुआवजा

विकास कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति में कलेक्टर गाइडलाइन दर से चार गुना तक मुआवजा दिए जाने की बात भी सामने आई है। साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भू-स्वामियों की सहमति के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इससे प्रभावित किसानों को उनकी भूमि का उचित प्रतिफल मिलने की उम्मीद है।

मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू ने बताया महत्वपूर्ण उपलब्धि

मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग को सडक़ परियोजनाओं में शामिल कर स्वीकृति दिए जाने को मनासा विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से राजस्थान सहित अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज एवं माल बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। बेहतर सडक़ अधोसंरचना से व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विधायक मारू ने परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी जताया आभार –

नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने नीमच-झालावाड़ मार्ग को स्टेट हाईवे के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया।

विधायक परिहार ने कहा कि महत्वपूर्ण मार्ग को स्टेट हाईवे के रूप में विकसित किए जाने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। नीमच सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सडक़ और आधारभूत संरचनाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। नीमच-झालावाड़ मार्ग की स्वीकृति क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात है।

अब निर्माण प्रक्रिया पर रहेगी नजर

कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रियाओं पर क्षेत्रवासियों की नजर रहेगी। परियोजना के धरातल पर आने के बाद नीमच, मनासा और रामपुरा क्षेत्र के साथ राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र के बीच आवागमन और व्यापारिक संपर्क को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Next Post

आपदा को अवसर में बदलने वाली सकलेचा की दूरदर्शिता लाई रंग 

Wed Aug 26 , 2026
सिंगोली। जावद विधानसभा क्षेत्र के कृषि जगत और किसानों के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात सामने आई है। क्षेत्र में इस सीजन में हुई अल्प वर्षा (कम बारिश) के बावजूद, फूसरिया जलाशय (बांध) अपनी पूरी क्षमता के साथ पानी से लबालब भर चुका है। बांध पर लहराती अथांग जलराशि […]

You May Like