ज्ञान भारतम् मिशन: सीधी की प्राचीन ज्ञान-संपदा को सहेजने की पहल

सीधी। ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत सीधी जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्त्विक महत्व के चंद्रेह ग्राम में प्राचीन शिव मंदिर एवं मठ परिसर के समीप एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर विकास मिश्रा ने की।

इस अवसर पर एसडीएम चुरहट विकास आनंद, डीईओ पीके सिंह, डीपीसी विनय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्वान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में जिले में उपलब्ध प्राचीन पाण्डुलिपियों के संरक्षण, पंजीयन एवं संग्रहण के साथ-साथ चंद्रेह स्थित प्राचीन शिव मंदिर एवं मठ के जीर्णोद्धार तथा क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त जिले के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी नागरिकों के साथ विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने कहा कि खगोल विज्ञान, ज्योतिष, कर्मकांड, आयुर्वेद, पंचांग तथा भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित अनेक अमूल्य पाण्डुलिपियां आज भी लोगों के घरों में सुरक्षित हैं। जानकारी के अभाव में यह बहुमूल्य धरोहर नष्ट होती जा रही है। उन्होंने आमजन से इन पाण्डुलिपियों के संरक्षण एवं पंजीयन में सहयोग की अपील की।

मिला दुर्लभ ज्ञान का खजाना

अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसे और व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान ग्राम पैपखरा निवासी विवेक शुक्ला के यहां से अथ संध्या प्रयोग एवं दैनिक पूजा पद्धति सहित अनेक ग्रंथ प्राप्त हुए। रामजी शुक्ला के यहां से नवग्रह पूजा एवं शिवलिंग स्थापना संबंधी पुस्तकें मिलीं। सतहोरी निवासी रामहेतु द्विवेदी के यहां से हरिचरितचिंतामणि ग्रंथ के अलावा अन्य स्थानों से भी बहुत कुछ प्राप्त हुआ।

Next Post

1857 के शहीद संतों की स्मृति में 10 को सजेगा सुरों का दरबार, बडी शाला में होगा श्रद्धांजलि समारोह

Sun Jun 7 , 2026
ग्वालियर। 1857 के स्वाधीनता संग्राम में बलिदान देने वाले संतों की स्मृति तथा ग्वालियर घराने के प्रख्यात गायनाचार्य पंडित सीताराम शरण दास की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एक दिवसीय रागायन संगीत समारोह, श्रीमद भागवत ज्ञानयज्ञ एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन होगा। सिद्धपीठ श्री गंगादास की बडी […]

You May Like