कोलकाता | राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में हुए चर्चित भांगर बम धमाके मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। शौकत मोल्ला को इस मामले में मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। एजेंसी द्वारा उन्हें ‘भगोड़ा’ घोषित किए जाने के कुछ ही घंटों बाद यह गिरफ्तारी हुई है। धमाके के बाद से ही एनआईए इस मामले की गहन जांच कर रही थी।
धमाके की जड़ तक पहुँच रही जांच
गौरतलब है कि 19 मार्च को दक्षिण बामुनिया गाँव में एक देसी बम धमाके में एक व्यक्ति की जान चली गई थी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर अवैध रूप से बम बनाए जा रहे थे। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मोल्ला की गिरफ्तारी से पहले एनआईए ने उनके घर और उनसे जुड़े विभिन्न ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की थी।
परिवार का दावा- स्वेच्छा से किया सरेंडर
शौकत मोल्ला की गिरफ्तारी के बाद उनके परिवार ने एजेंसी के दावों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं अधिकारियों के सामने सरेंडर किया है। मोल्ला की बेटी के अनुसार, उनके पिता किसी निजी काम से बाहर थे और उन्होंने चिंगरीघाटा में एजेंसी के समक्ष समर्पण किया। फिलहाल, एनआईए ने पूर्व विधायक को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

