
सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के मेढौली आदर्श गंगा स्कूल छठ घाट के पास रविवार को एक अज्ञात नवजात शिशु सड़क किनारे पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि नवजात की उम्र लगभग 10 से 12 दिन है। राहगीरों ने शिशु को देख तुरंत स्थानीय रहवासियों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही मोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिशु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरवा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक अज्ञात महिला शिशु को फेंककर मौके से फरार हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए शिशु की मां व परिजनों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल शिशु सुरक्षित है और मामले की जांच जारी है।
