
पन्ना,दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा परिक्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां रतनगांव के समीप रेलवे ट्रैक पर एक वयस्क तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया है। घटना की जानकारी आज सुबह रेलवे के ट्रैक अनुरक्षण कर्मियों द्वारा वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच गई। वन विभाग का अनुमान है कि तेंदुए की मौत किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुई है। हालांकि, वन विभाग मौत के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए विभाग की टीमों द्वारा पूरे घटनास्थल और उसके आसपास के विस्तृत क्षेत्र में एक सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। मामले की गहराई से तफ्तीश करने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ रेलवे के ट्रैक अनुरक्षण कर्मियों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। जांच को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए वन विभाग ने डॉग स्क्वाड को भी काम पर लगाया है, जिसने घटनास्थल और आसपास के जंगलों का बारीकी से निरीक्षण किया है। अब तक मिले तमाम परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आधिकारिक तौर पर यही माना जा रहा है कि यह हादसा ट्रेन की टक्कर का ही नतीजा है।
