भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में 33% महिलाओं को जगह, ओरछा में होगी पहली बैठक

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कार्यसमिति, स्थायी आमंत्रित और विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी कर दी है। भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा में बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार नई कार्यसमिति का गठन किया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा के संविधान के अनुसार प्रदेश कार्यसमिति में कुल 106 सदस्यों को शामिल किया गया है। नई कार्यसमिति में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्गों सहित विभिन्न समाजों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।

राहुल कोठारी ने कहा कि पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन के लिए विशेष आमंत्रित सदस्यों की अलग सूची भी तैयार की है। इसमें संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष और प्रदेश संयोजकों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार आगे भी विशेष आमंत्रित सदस्यों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्यसमिति का गठन भाजपा के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के आधार पर किया गया है। सभी चयनित सदस्यों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई है।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक आगामी 15 जुलाई के आसपास ओरछा में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और कार्ययोजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

Next Post

भाजपा कार्यालय में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा

Tue Jun 23 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री तोमर ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते […]

You May Like