ग्वालियर: ग्वालियर में देर रात गौवंश के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. घटना सामने आते ही स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की. मामले में एक युवक को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कथित हरकत करते नजर आ रहा है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के जगनपुरा इलाके का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, घास मंडी क्षेत्र निवासी निमेष सिंह तोमर रात करीब 1 बजे अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक युवक को गौवंश के साथ आपत्तिजनक हरकत करते देखा. उन्होंने तुरंत अपने साथियों को बुलाया और मौके पर आरोपी को घेरकर पकड़ लिया.
स्थानीय लोगों के एकत्र होने के बाद आरोपी को मौके पर ही रोक लिया गया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर थाना ग्वालियर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग ग्वालियर थाने पहुंचे और विरोध जताया. उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की हरकतें रिकॉर्ड हुई हैं. पुलिस मामले में फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर रही है.
टीआई थाना ग्वालियर ने कहा, “हमें सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची. आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.”
