
भोपाल। दिल्ली में आयोजित एआई समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध की आग भोपाल तक पहुंच गई। राजधानी में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा विरोध प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया जब आमने-सामने आए कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने यूथ कांग्रेस की कार्रवाई को राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए जमकर विरोध जताया। जैसे ही भाजपा समर्थक कांग्रेस से जुड़े नेताओं के खिलाफ नारे लगाते हुए आगे बढ़े, दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। स्थिति तेजी से बिगड़ती देख पुलिस ने पहले समझाइश दी, लेकिन भीड़ के आक्रामक रुख को देखते हुए हालात काबू में करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
पानी की तेज बौछारों के बाद भी कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित की। झड़प के बाद भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही पक्षों की ओर से हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद भोपाल में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
