34 हजार फीट पर पायलटों में झड़प, 17 हजार फीट नीचे आया विमान; हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप

दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरने वाली Flydubai की फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद और हाथापाई की सूचना सामने आई। इस दौरान एक पायलट के घायल होने की बात कही जा रही है। घटना के बीच विमान की ऊंचाई में भी अचानक बड़ा बदलाव देखा गया।

उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, Boeing 737 विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर था, लेकिन कुछ ही देर में इसकी ऊंचाई लगभग 15 हजार फीट तक पहुंच गई। विमान की ओर से पहले 7700 इमरजेंसी कोड और बाद में 7500 कोड भेजा गया। 7500 का इस्तेमाल विमान में हाईजैक या किसी गंभीर सुरक्षा हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है।

सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट किया गया। विमान ने वहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की। ताबुक एयरपोर्ट की जानकारी के अनुसार, घटना में कैप्टन और को-पायलट घायल हुए और दोनों को अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।

यात्रियों और क्रू ने संभाली स्थिति

इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में यात्रियों के हवाले से बताया गया कि कॉकपिट से आवाजें आने के बाद कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप किया। फ्लाइट में मौजूद अन्य पायलटों ने भी विमान को सुरक्षित तरीके से संभालने में मदद की।

विमान के अचानक नीचे आने को लेकर कई तरह के दावे सामने आए हैं। हालांकि, यह जानबूझकर किया गया था या झड़प के दौरान विमान का नियंत्रण प्रभावित हुआ, इसका स्पष्ट जवाब आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने मनाया जश्न

ताबुक एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों के कुछ वीडियो सामने आए। इनमें इजराइली यात्रियों को राहत जाहिर करते हुए ‘ओड अविनु चाई’ गीत गाते देखा गया। यह यहूदी परंपरा में जीवन और आस्था से जुड़ा गीत है।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। इजराइली अधिकारियों की ओर से संभावित आतंकी पहलू समेत अलग-अलग एंगल से जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, फिलहाल घटना की वजह और जिम्मेदारी को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं आया है।

Next Post

शिवपुरी में कुएं से मिले मां-बेटे के शव, इलाके में फैली सनसनी

Thu Oct 1 , 2026
शिवपुरी। जिले के करैरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पुलिस लाइन के पास स्थित पीपल वाले कुएं में महिला और उसके 6 साल के मासूम बेटे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान शिवानी विश्वकर्मा और बेटे भोलू के रूप में हुई है। कुएं से […]

You May Like