जबलपुर: धनवंतरी नगर चौकी अंतर्गत जसुजा सिटी फेज-3 में बुधवार की रात गणेश उत्सव के उल्लास के बीच, पंडाल में दौड़ रहे मौत के करंट ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। यहाँ पंडाल के टेंट में लगे लोहे के पाइप में बिजली का करंट उतरने से 16 साल के एक मासूम किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले की शुरुआती पुलिस जांच में सुरक्षा को लेकर लापरवाही सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पंडाल की बिजली व्यवस्था संभालने वाले इलेक्ट्रिशियन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसके बाद अब पुलिस उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की पूरी तैयारी में है। पुलिस की पड़ताल में यह बात साफ हुई है कि पंडाल में की गई लाइटिंग और बिजली की फिटिंग असुरक्षित थी। पंडाल में बिजली सप्लाई के लिए जिन तारों का इस्तेमाल किया गया था, वे कई जगहों से कटे-फटे थे। इन नग्न तारों को टेंट के लोहे के पाइपों के सहारे बांधा गया था, जिससे करंट टेंट के पाइप में फैला था।
क्या है मामला
जानकारी अनुसार शौर्य चनपुरिया 16 वर्ष का कक्षा 11वीं में पढ़ता था। धनवंतरी नगर के जसूजा सिटी फेज-3 में गणेश पंडाल में बुधवार रात महाआरती का आयोजन किया गया था। शौर्य अपने दोस्तों के साथ आरती में शामिल होने आया था। आरती में शामिल होने के बाद शौर्य घर लौट रहा था, तभी पंडाल के पास लगे पाइप में करंट आ रहा था। जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई ।
इनका कहना है
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि इलेक्ट्रिशियन की लापरवाही से हादसा हुआ है। कटे-फटे तारों ने पंडाल के पाइप में करंट फैलाया था।इलेक्ट्रिशियन हर दिन पंडाल में आकर बिजली व्यवस्था को चेक करने का दावा करता था। इसके बावजूद, उसने इन जानलेवा कटे-फटे तारों को ठीक नहीं किया था।
दुर्गेश मरावी, चौकी प्रभारी धनवंतरी नगर
